दुनिया 200 साल बाद

युवा हुआ तो क्या हुआ! जरूरी है कि आज़ाद-ख़याल हो?

ऐसा लगता है कि इस देश-दुनिया में जुलाई से अब तक जो कुछ घटा, उसने नयी उम्र के लोगों को कुछ ज्‍यादा ही अपेक्षाओं से लाद दिया। गोया उनकी एक खास छवि बना ली गई कि वे खुले दिमाग के, उदारमना और बाग़ी कैफ़ि‍यत के होते हैं। नौजवानों-छात्रों के बारे में इतनी बातें बीते कुछ वर्षों में शायद ही कभी हुई रही हों। याद नहीं पड़ता कि उन्‍हें इतनी रियायतें कभी मिली होंगी। इस समूचे अफसाने में वे बुजुर्ग मां-बाप कहीं छूट-से गए जो अलहदा किस्‍म की अपनी युवा संततियों से हैरान-परेशान हैं।

मध्‍यवर्ग में ऐसे अनेक माता-पिता हैं जो एक बेटा या बेटी के घर से दूसरे के यहां जाकर रहने, वापस आने और बीच के सफर की योजना बनाने में ही बचाखुचा जीवन काटे दे रहे हैं। कुछ ऐसे हैं जो रहते तो अपने बनाए मकानों में हैं, लेकिन होली-दिवाली पर उनके बेटा-बेटी झांकने तक नहीं आते इतने व्‍यस्‍त हैं। कुछ ऐसे हैं जो स्‍थायी रूप से अपने बच्‍चों के पास महानगरों में रहने आ चुके हैं क्‍योंकि उनके बेटा-बहू या बेटी-दामाद के पास अपना बच्‍चा पालने का वक्‍त नहीं है। ऐसे दंपत्ति अब बुढा़पे में अपने नाती-पोतों को पाल रहे हैं और खाली वक्‍त में शहरी सोसायटियों के भीतर बने नकली पार्कों की बेंच पर बैठे हवा में अपलक देख रहे हैं। जो बुजुर्ग  वृद्धाश्रम भेज दिए गए, उनकी तो कौन ही पूछे!

त्‍योहारों के इस हफ्ते में बात ऐसे बुजुर्गों की जिनकी यह समाज लगातार उपेक्षा करता जा रहा है; और उनके बहाने सुध ऐसे युवाओं की जिनसे जरूरत से ज्‍यादा सामाजिक-राजनीतिक अपेक्षाएं पाली जा रही हैं।



वे सरकारी नौकरी से रिटायर एक महिला थीं। उम्र कोई पैंसठ-सत्‍तर के लपेटे में रही होगी। ट्रेन से अकेले सफर कर रही थीं। रांची में उन्‍हें ट्रेन पर च़ढ़ाने उनका एक बेटा आया था। वो मर्चैन्‍ट नेवी में काम करता है। छह महीना से ज्‍यादा समुद्री जहाज पर रहता है। इस बेटे के यहां से वे दूसरे बेटे के यहां जा रही थीं। वह वृंदावन में रहता है।

ट्रेन से उन्‍हें दिल्‍ली तक जाना था, जहां उनके बेटे को उन्‍हें लेने आना था। बेटा वृंदावन से अपनी कार चलाकर मां को लेने नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन आ रहा था। वह वृंदावन में किसी आइटी कंपनी में नौकरी करता है। उसकी बीवी भी नौकरी करती है। कुछ साल से वह घर से ही काम कर रहा है। उनके एक छोटा बच्‍चा भी है। ऐसी शुरुआती जानकारियां ट्रेन के छूटते ही अकसर हमसफर से मिल जाती हैं। दुख-दर्द को बाहर निकलने में थोड़ी परिचिति लगती है। दुख भी ऐसे ऐसे, जिनका कोई इलाज नहीं।

रांची की इस मां का दुख यह था कि उसका तीस साल का बेटा संन्‍यासी बनता जा रहा है। साथ में बहू को भी उसने अपने रास्‍ते पर खींच लिया है। मसला यह है कि कुछ साल पहले वह प्रेमानंद महाराज के आश्रम से संपर्क में आया था। शुरुआत प्‍याज-लहसुन छोड़ने से हुई। फिर घर में उबला सादा खाना पकने लगा। इसके साथ साफ-सफाई का साम्राज्‍य घर में कायम हुआ, तो एक बच्‍चा देखने वाली और दूसरा खाना बनाने वाली नौकरानी को उनके यहां आकर, उन्‍हीं के बाथरूम में नहा-धोकर काम शुरू करने की हिदायत दी गई।        

पिछली बार जब मां इनके यहां आई थी तो उन्‍हें नौकरानी ने रसोई में जाते हुए टोक दिया था कि बिना नहाये-धोये न जाएं। इस पर वे चिढ़ गई थीं- ‘बताइए, हम ही को हमारे बेटे के घर में कह रही है कि नहा-धोकर अंदर जाओ। मुंह पिटाये! ऐसा कौन सा रोग लग गया है इनकी जवानी में कि हम मां-बाप को भर पेट मन से खाने को भी नहीं मिलता? अच्‍छी बात है कि तुम नॉन-भेज छोड़ दिया है, चलो कोई नहीं, लेकिन अपने बच्‍चे का तो सोचो। उसको भी उबला खिलाएगा तो वो कैसे बढ़ेगा?’

उन्‍हें बेटे से ज्‍यादा पोते की चिंता थी। उनका सवाल था कि ऐसे पैसे का क्‍या फायदा जो खाली नौकर-चाकर पर खर्च हो, अपने शरीर पर नहीं। वे बोलती गईं, ‘हां, उसको गाड़ी-घोड़ा का बहुत शौक है। अभी एक नया गाड़ी खरीदा है, उसी से आ रहा है। ये सब ठीक है, लेकिन किस मां-बाप को अच्‍छा लगेगा किे जवानी में उसका बहू-बेटा बैरागी हो जाएं? मेरा तो मन ही टूट गया है। दूसरे को कष्‍ट देकर तुम कैसे मुक्‍त रह पाओगे? हम समझाते तो हैं, वो तर्क भी खूब करता है, लेकिन ऐसा फंसा है न बाबा के चक्‍कर में कि क्‍या कहें।‘

बिलकुल ऐसी ही कहानी बागपत के एक मां-बाप की है जिनके बच्‍चे दिल्‍ली में रहते हैं। एक बेटा नौकरी करता है। दूसरा इंटर पढ़कर खाली बैठा है और सुबह से शाम तक कृष्‍ण भजन सुनता है। दरवाजा बंद कर के उन्‍हीं भजनों पर नाचता भी है। वह भी प्रेमानंद का भक्‍त है। उसके प्रभाव में उसकी भाभी भी बाबा की भक्‍त बन चुकी है। वह दिन भर टीवी पर भजन चलाकर दो बच्‍चे पालती है। दोनों की उम्र 25 से कम है। प्रेमानंद की ही तरह अब युवाओं में सद्गुरु और गौर गोपाल दास के कल्‍ट बन रहे हैं। धीरेंद्र शास्‍त्री, अनिरुद्धाचार्य भी पीछे नहीं हैं, हालांकि उनके भक्‍तों में महिलाओं की तादाद ज्‍यादा है। थोड़ा ज्‍यादा तार्किक युवा आचार्य प्रशांत का मुरीद पाया जा सकता है। 

नोएडा के आइटी सेक्‍टर में काम करने वाले ज्‍यादातर युवा नीम करौली बाबा के भक्‍त बन चुके हैं। किसी शनिवार-इतवार को आप नैनीताल चले जाएं तो यूपी-14 और यूपी-16 नंबरप्‍लेट वाली कारें गिनकर अंदाजा लगा सकते हैं। ये कहानी केवल मध्‍यवर्ग की नहीं है। सावन में कांवड़ यात्रा निकालने वाले हजारों हजार युवाओं को एक ओर रख दें जो निम्‍न तबकों से आते हैं, तो मेहदीपुर बालाजी से लेकर खाटू श्‍याम तक धर्म के नए लोकप्रिय ठिकानों पर निम्‍न मध्‍यवर्गीय और उच्‍च मध्‍यवर्गीय युवाओं की भारी भीड़ किसी भी सप्‍ताहान्‍त पर देखी जा सकती है। वृंदावन तो है ही। अभी छठ के दौरान लगातार कहानियां आ रही हैं कि कैसे ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर नौजवान उम्र के लोगों ने बिहार तक का सफर वैकल्पिक तरीकों से पूरा किया। अपनी वीरगाथा को वे तमगे की तरह मीडिया में प्रस्‍तुत कर रहे हैं।

छठ फिलहाल इंस्‍टाग्राम का ट्रेंडिंग विषय है। कुछ वेबसाइटें छठ पूजा की रील बनाने का टेम्‍पलेट यानी खाका उपलब्‍ध करवा रही हैं। हिंदी के अखबार बड़े उत्‍साह से ऐसे शीर्षक लगा रहे हैं- ‘आस्था के रंग में रंगी Gen-Z, रील्स और सोशल मीडिया के जरिए विदेशों तक पहुंचा रहे छठ की महत्ता’! एक दिलचस्‍प घटना पहली बार देखने को मिली है। सरकार ट्रेनों में और हवाई अड्डों पर छठ के गीत बजवा रही है। एकाध जगह ट्रेनों में ऐसे गीत बंद करवाने को लेकर झड़प की खबरें भी आई हैं। आखिर ऐसे युवाओं या जेन-ज़ी पर हमारे बौद्धिक इदारों में कभी बातचीत क्‍यों नहीं होती जो संगठित धर्म, परंपराओं और जड़ प्रथाओं की ओर लौटने में संतोष और गर्व महसूस करते हैं?

प्रसंगवश, अभी हाल ही में अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस पर किंग्‍स कॉलेज,लंदन ने 29 देशों में एक सर्वे किया। उनमें भारत भी शामिल है। अध्‍ययन के निष्‍कर्ष बताते हैं कि जिन्‍हें जेन-ज़ी कहा जाता है, उसके पुरुष सभी आयुवर्गों के पुरुषों के बीच स्‍त्री-पुरुष सम्‍बंध के मामले में सबसे पिछड़े खयाल रखते हैं। ऐसे 31 प्रतिशत युवा मानते हैं कि औरतों को आज्ञाकारी होना चाहिए। ये 1997 से 2012 के बीच पैदा हुए बच्‍चे हैं जिनमें हर तीन में से एक का कहना है कि पत्नियों को हमेशा अपने पति की बात माननी चाहिए।  



पिछले हफ्ते की कहानी में हमने ओडिशा के कुछ आदिवासी युवाओं का जिक्र किया था जिन्‍हें बाजार और मुनाफा जैसे शब्‍दों का बहुत मतलब नहीं पता। उसी जुटान में किए गए एक दिलचस्‍प अभ्‍यास ने बड़ी चिंताजनक तस्‍वीर भी उभारी थी, जिसका जिक्र यहां किया जाना समीचीन है। एक छोटी-सी कहानी प्रतिभागियों को पढ़ने को दी गई जिसमें एक शादीशुदा महिला की हत्‍या हो जाती है। उनसे एक सवाल पूछा गया था- महिला की हत्‍या का जिम्‍मेदार कौन?

कहानी यहां पूरी बांचने की जरूरत नहीं, उस पर आई टिप्‍पणियां और दलीलें ज्‍यादा अहम हैं। मोटे तौर से 40 में 30 प्रतिभागियों का कहना था कि महिला अपनी हत्‍या के लिए खुद जिम्‍मेदार है। इसके पक्ष में जो दलीलें आईं वे चौंकाने वाली थीं: ‘महिला को पता था कि बाहर खतरा है तो वह अकेले रात में क्‍यों निकली?’ ‘महिला शादीशुदा थी तो उसे इधर-उधर ताकने की जरूरत क्‍या थी?’ ‘महिला को शादी से बाहर सम्‍बंध नहीं बनाना चाहिए था।’ ये बिलकुल वैसी ही दलीलें हैं जिनके आधार पर दिल्‍ली की सरकार ने पार्कों में आवाजाही की पाबंदी आयद की है, जिसका संदर्भ सितम्‍बर में एक पार्क में एक लड़की के साथ हुआ बलात्‍कार है।

ऐसी दलीलें देने वाले ज्‍यादातर 20 से 35 वर्ष की उम्र के शहरी, ग्रामीण और कस्‍बाई युवा थे। ये सभी सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाली संस्‍थाओं और संगठनों के युवा थे; जेन-ज़ी आंदोलन के समर्थक थे; सरकार से नाराज थे। दिलचस्‍प है कि इनके बीच सारे पुरुष नहीं, कुछ किशोरियां और युवतियां भी थीं। उनसे लंबे संवाद के बाद एक बात यह निकलकर आई कि वे सभी अपनी परंपरा, प्रथा और धार्मिक संस्‍कारों को लेकर संवेदनशील भी थे।

यह एक अजीबोगरीब किस्‍म की स्थिति है, शायद अभूतपूर्व भी। इससे जिज्ञासा पैदा होती है कि आज के युवाओं को क्‍या परंपरागत लेफ्ट-राइट, कम्‍यूनल-सेकुलर, प्रगतिशील-प्रतिगामी के विरोधी वैचारिक खांचों में बांटकर समझा जा सकता है? क्‍या इस जेन-ज़ी से किसी राजनीतिक बदलाव की उम्‍मीद वाकई की जा सकती है? द न्‍यूयॉर्क रिव्‍यू ऑफ बुक्‍स के पूर्व संपादक, डच लेखक और एशियाई संस्‍कृति के अध्‍येता इयान बुरुमा अपने हाल के एक लेख में बहुत वाजिब बात की ओर ध्‍यान दिलाते हैं:

‘युवाओं के विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों से बहुत ऊंची अपेक्षाएं रखने के मामले में सतर्क रहने का एक और कारण है- वह भ्रामक खयाल, कि जवान लोग अनिवार्यत: खुलेपन और उदारवाद के समर्थक होते हैं। विंस्‍टन चर्चिल के नाम से अकसर गलत उद्धृत की गई इस बात को याद करिए: ‘’आप 25 साल की अवस्‍था में अगर लिबरल नहीं हैं तो आपके पास दिल नहीं है। अगर 35 तक पहुंचने के बाद आप कंजर्वेटिव नहीं हुए तो आपके पास दिमाग नहीं है।‘’ यह बात यदि सच है, तब तो हृदयहीन युवाओं की संख्‍या हमारे यहां बहुत ज्‍यादा होगी। लोग बड़ी आसानी से भूल जाते हैं कि हिटलर जब सत्ता में आया था तो महज चालीस पार का था। उसके तमाम प्रमुख नाज़ी साथी भी युवा ही थे।‘

भूलना नहीं चाहिए कि अगर भ्रष्‍ट राजनीतिक दलों और असमानताओं के खिलाफ दुनिया भर की सड़कों पर हजारों युवा उतरे हुए हैं, तो उन्‍हीं के समानांतर उन्‍हीं की पीढ़ी का एक बड़ा हिस्‍सा अलहदा किस्‍म की जिंदगी, खयालात और राजनीति का हिस्‍सा है। हो सकता है वह उतना दिखाई न देता हो। उसके लिए दक्षिणपंथी दलों के युवा संगठनों से लेकर धार्मिक संगठनों, सामाजिक-सामुदायिक संघों/मंचों, जुलूसों, तीर्थयात्राओं, और आसपास की रिहायशी संरचनाओं पर नजर डालनी चाहिए।

इतनी मेहनत की भी क्‍या जरूरत! इसका एक आसान तरीका है। अपने आसपास के बुजुर्गों से बात की जाए। भरी जवानी में जो सामान्‍य लड़के-लड़कियां सड़कों से मुंह मोड़ आश्रमों, मठों, या प्रवचकों की राह चल चुके हैं उनके मां-बाप की नजर से युवाओं को जरा देखा जाय। यह इकलौती जगह है जहां आपको बुढ़ाती पीढ़ी के दुख और जवान पीढ़ी के खतरे एक साथ दिखाई दे जाएंगे।