दुनिया 200 साल बाद

निरुत्तर प्रदेश के एक युवा टिकटार्थी की जिज्ञासाएं

नवयुवकों के बारे में एक बार मरहूम नामवर सिंह ने मरहूम राजेंद्र यादव को हंस के सालाना जलसे के मंच से सलाह दी थी। उस सलाह में नवयुवक जैसा संभ्रांत प्रयोग नहीं किया गया था, बल्कि बनारसी धर्म निर्वाह के नाते उन्होंने एक स्थानीय शब्द का प्रयोग किया था- ‘लौंडों’!

सामान्यतः इस शब्द को सुनने से उम्र की एक खास झलक मिल सकती है, लेकिन नामवरजी ने लगे हाथ उसका दायरा भी चौड़ा कर दिया था क्योंकि जिस शख्स को यह शब्द संबोधित था उसकी उम्र पैंतीस के आसपास रही होगी। यानी, जिन युवाओं पर यह देश जुलाई से मुग्ध है, जिन पर हम लोग पिछले हफ्ते बात कर रहे थे उनकी लाक्षणिकता महज आयु सूचित नहीं, प्रवृत्तिगत भी है। जेन ज़ी की विविधता इस चौड़े रेंज से ही आती है।

तो, नामवरजी को याद करते हुए हमने अपने पिछले अंक में वर्णित युवा प्रवृत्तियों में से छांट के एक इंसानी नमूना निकाला है जिसका एक खास रुझान भी है- चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा। ऐसा युवा बेशक देखने में अल्पसंख्यक लगता हो, लेकिन एक अनाड़ी सब पर भारी वाली नकली कहावत को चरितार्थ करता है। आज कहानी दिल्ली से वापस अंदरूने मुल्क चलेगी। बोले तो, उत्तर प्रदेश, जहां चुनाव की आंच ने शिशिर को विलम्बित कर डाला है।



पहला दृश्य कुछ यूं है कि एक ‘लौंडा’ आपकी ड्योढ़ी पर एक पूर्व नियोजित सफर के लिए एक बड़ी-सी गाड़ी से नमूदार होता है। आप उसमें चढ़ते हैं और उसके बगल में बैठ जाते हैं। सामने निगाह पड़ती है, वहां नीम करौली बाबा की फोटो टंगी हुई है। पीछे निगाह डालने पर एक ट्रॉली वाली अटैची, बेतरतीब फेंके हुए सैंडिल, अपनी सीट के पीछे वाले पाउच में खोंसी हुई शराब की एक महंगी बोतल और गियर के बगल में प्लास्टिक का एक खाली गिलास दिखाई देते हैं। सुबह का वक्त है। सफर पांच सौ किलोमीटर का है। उद्देश्य किन्हीं नेताजी से मिल कर टिकट तय करवाना है।

वाहन के मुआयने के बाद अब लौंडे चालक की तरफ निगाह जाती है जो प्रफुल्लित होता लग रहा है। ढीली नीली जींस, टी शर्ट, चश्मा, और चेहरे पर कुछ कह डालने की आतुरी भंगिमा। यह लड़का पेशे से इंजीनियर है और नोएडा में एक आईटी कंपनी चलाता है। रहने वाला हरदोई का है, जहां के बारे में प्रचलित कहावत है कि ‘हरदोई के लौंडे बड़े अनुवादी होते हैं’! यहां अनुवाद से कोई लेना देना नहीं है, ये उन्मादी का अवधी अपभ्रंश है। यह हरदोई वाला हालांकि अपवाद-सा क्यों दिख रहा है, यह यक्ष प्रश्न हमारे सफर का मूल उद्देश्य बनकर तत्काल उभरता है। इसकी पड़ताल अगले छह घंटे में की जानी है।

इस लौंडे के पास बड़ी गाड़ी यानी भौकाल और कंपनी यानी पैसे के अलावा सौ ग्राम सत्ता भी है। लौंडा कांग्रेस पार्टी के लिए टीवी चैनलों पर अंग्रेजी और हिंदी भाषा में फील्डिंग करता है। कांग्रेस का सदस्य है, टीवी डिबेट का वक्ता है। इतने से इसका मन नहीं भर रहा है। अब इस नोएडावासी को हरदोई की किसी विधानसभा से चुनाव का टिकट चाहिए। यह पता लगते ही पहली जिज्ञासा दर्शक-श्रोता के मन में उठती है- क्या ऐसे और भी युवा आईटी सेक्टर में हैं जो चुनाव लड़ना चाहते हैं?

जवाब विस्तृत मिलता है- ‘नहीं सर, होंगे इक्का-दुक्का, वैसे कॉरपोरेट वर्ल्ड में पॉलिटिक्स को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता। मेरी बात अलग है। मैं तो बचपन से ही पॉलिटिक्स में आना चाहता था। कुछ अलग करना चाहता था। अब मैं अपना सपना पूरा करने के रास्ते पर हूं। मेरे साथ के लड़के तो सब नॉन पॉलिटिकल हैं। चुनाव और राजनीति बच्चों का खेल थोड़ी है!’ हम गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ चुके थे। क्यों नहीं पसंद करते पॉलिटिक्स को कॉरपोरेट के युवा? यह स्वाभाविक अगला सवाल है।

‘देखिए, कॉरपोरेट में इक्वलिटी (समानता) है, करप्शन (भ्रष्टाचार) नहीं है। बहुत ऑटोनोमी (स्वायत्तता) है। हम लोग जो चाहे जैसे चाहे अपना काम कर सकते हैं। इन्हीं सब वजहों से लड़के चुनाव उनाव को पसंद नहीं करते।’ तब तो वे वोट भी नहीं करते होंगे? ‘ज्यादातर नहीं करते! उन्हें पता है इससे कुछ होने जाने वाला नहीं है।’ तो आपका क्या प्लान है? आप क्या ही कर लेंगे विधायक बन के, जब सिस्टम आपको कुछ करने नहीं देगा? इस अगली जिज्ञासा पर लौंडे के धागे जैसे खुल गए- ‘भैया, आपको बता दूं कि मैं वकील भी हूं। मैंने लॉ किया है। अभी बार में रजिस्टर्ड नहीं हूं, हो जाऊंगा। विधायक बनते ही कंपनी का कार्यभार किसी को सौंप के डायरेक्टर पद से हट जाऊंगा ताकि प्रैक्टिस कर सकूं। फिर धकाधक किसी के भी खिलाफ किसी भी मुद्दे पर पीआईएल ठोकूंगा। अभी तो बोलने में ही संभलना पड़ता है कि कोई केस ना कर दे। दो बार लाइव पर धमकी मिल चुकी है। पूरा फूल प्रूफ प्लान है मेरा।’

उसके धागे खुलते गए- ‘भाई, मैंने कुछ साल नौकरी की। फिर अपनी कंपनी बनाई। कंपनी को मीडिया के काम में लगाया। इससे मीडिया वालों से रिश्ता बना। वहां से पॉलिटिकल सर्किल में जान पहचान हुई। फिर मैं टीवी पर आने लगा। अब ये फॉरच्यूनर ले ली है। क्षेत्र में भी एक गाड़ी और एक लड़के को लगा रखा है। पौने दो करोड़ का कर्जा है, लेकिन सिबिल ठीकठाक है। जरूरत पड़ी तो दसेक लाख और उठा लेंगे। कांग्रेस से नहीं तो किसी और से, लेकिन चुनाव तो जरूर लड़ूंगा। मेरा ड्रीम है। अभी मैं गाड़ी को क्रूज पर डाल रहा हूं। एक सौ अठारह की स्पीड में अगले तीन घंटे में लखनऊ! बस एक बार विधायक बन जाऊं यार, फिर देखना आप!’

अब सूने एक्सप्रेसवे को क्या ही देखना! सुनने का भी आकर्षण अब नहीं बच रहा था क्योंकि लौंडे ने नब्बे के दशक के नदीम श्रवण वाले बी ग्रेड के गाने बजाने शुरू कर दिए थे। रह रह के कोई गाना खत्म होने पर वो मुंह से हवा में बोलता- प्ले प्यार का पहला खत। कहीं से आवाज आती- प्लेइंग प्यार का पहला खत। इस आकाशवाणी से दो बार गड़बड़ भी हुई जब मशीन गाने के बोल ठीक से नहीं पकड़ पाई और एक बार तो उसने आशा भोंसले के बजाय पूर्णिमा का गाना बजा दिया। आधा रास्ता पार हो चुका था और लौंडे का उन्माद सतह पर आने लगा था। हर गाने में वह आलाप पर या अंत में खींच कर तेज आवाज में बेसुरा रेंकने लगा था। यह तारतम्यरहित सांगीतिक महफ़िल कोई घंटे भर पंचम पर चली। फिर लौंडे ने अचानक मुंडी पीछे घुमाते हुए एक अजीब सी गुजारिश की- यार, आप अब एक गाना सुना दो सरजी!

वो बनारस में कहते हैं न, लौंडों से दोस्ती ढेले की सनसनी! सन्न से उसका यह वाक्य कान में लगा था। ये वाक्य क्या था, कहां से आया था, समझने में वक्त लगा। दो तीन बार उसने गाने की फरमाइश की, फिर वापस मशीन पर आ गया। गाड़ी चलती रही। इसके बाद एक चिंता उसके सिर में घुस गई, या हो सकता है पहले से रही हो लेकिन अब उसका समय आया हो। दरअसल, जहां उसने अपने परिचित होटल का कमरा किया था वह शादी लगन में फंस गया, तो अब लखनऊ घुसने से पहले उसे एक वैकल्पिक इंतजाम करना था। जाहिर है, सफर का बाकी हिस्सा इसमें कटा। उसने अपने कर्मचारियों, साले, टीवी के लोगों, पत्रकारों, नेताओं, आदि सबको रह रह के फोन लगाया। फोन लगाने के लिए वह मुंह से बोलता- कॉल फलाने! उधर से आवाज आती- कॉलिंग फलाने! हर कॉल पर वह एक ही बात कहता- ‘देखो, होटल बढ़िया होना चाहिए, प्रेजेंटेबल। खुला खुला। कोई आने जाने पर पाबंदी नहीं। मुझे प्रोग्राम लाइव करना होता है। लोग मिलने आते हैं। इसलिए कमरे बड़े होने चाहिए।’ किसी ने हयात का नाम लिया, किसी ने और बड़े नाम। वह ना ना करता रहा। लौंडे का बजट भी था, अब पकड़ में आया। उसे सस्ता होटल चाहिए था- केवल एक कमरा, वो भी तीन लोगों के लिए। लौंडा जुटा रहा, होटल नहीं से नहीं मिला।

लखनऊ पहुंचने तक लौंडा वाकई उन्मादी हो चुका था। उसके चेहरे पर ढलती शाम में चढ़ती बेचैनी जाहिर थी। नेताजी से मिलना था, अपने यहां बुलाना था, टिकट के लिए पटाना था, फिर रात में शादी में कानपुर भी जाना था, लेकिन अटैची टिकाने के लिए सिर पर छत नहीं मिल रही थी। वह यहां वहां बेचैन हो के फोन लगा रहा था। चिल्ला रहा था। जबान से गालियां फूट रही थीं। बैकग्राउंड में कुमार सानू भी कंठ से गा रहा था। रात होने वाली ही थी।

बहरहाल, अब अड़तालीस घंटे से अधिक बीतने को हैं। पता चला लौंडे को अपने शोहदों समेत दो रातें दो अलग अलग मामूली ठिकानों पर बितानी पड़ी थीं। नेताजी दर्जनों आश्वासन के बाद भी उससे मिलने नहीं आए। घर वापसी से पहले की रात उसका चेहरा थोड़ा थका हुआ था, लेकिन आत्मविश्वास कूट कूट कर जो भीतर भरा हुआ था उसकी पीली परत कहीं गई नहीं थी। सर के संबोधन से दिल्ली में शुरू हुआ लौंडा भाई, यार से होते हुए तू तड़ाक पर पहुंच चुका था। रेस्तरां में उसने उचक के पूछा, ‘और? तुम क्या खाओगे, बताओ!’ मन के भीतर से आवाज आई- आप तो रहने ही दीजिए महाराज। एक कमरा तो करवा नहीं पाए, कहां टिकट और धकाधक पीआईएल की बात कर रहे हैं! उसने यह आवाज शायद सुन ली होगी। बिना संदर्भ के अचानक एक मासूम सा सवाल उसने दाग दिया, ‘यार ये बताओ, मैं कब से सोच रहा हूं कि मेरे जैसे पढ़े लिखे, पैसे वाले, सभ्य और टेक्नोक्रेट आदमी को टिकट न देना कांग्रेस की बदकिस्मती है या मेरी?’ इस सवाल को सुनकर अनसुना किया गया या सुना ही नहीं गया, यह अब तक रहस्य है। उत्तर प्रदेश इस सवाल पर निरुत्तर था।

शायद ऐसे ही किसी मौके के लिए नामवरजी ने वह ऐतिहासिक सलाह दी थी- राजेंद्र, लौंडों से दूर रहा करो वरना ये कान काट ले जाएंगे! आज से पैंतालिस साल पहले ‘दूसरी परंपरा की खोज’ कर चुके नामवर को नौजवानों की भव्य राजनीतिक प्रतिष्ठा के इस बीतते हुए वर्ष में सुनने वाला कोई है क्या?