दुनिया 200 साल बाद

अस्तित्व बचा पाना ही जिनका शुभ-लाभ है, एक दीया उनके नाम…

दिल्‍ली की सियासी रामलीला अब खत्‍म हो चुकी है। पिछले हफ्ते हमने झारखण्‍ड के जमशेदपुर से उसे देखने समझने की कोशिश की थी। चलते हुए हम सूबे की राजधानी रांची आ पहुंचे हैं, जहां जल, जंगल, जमीन के संघर्षों से जुड़े कुछ लोग अपने काम को मजबूती देने के इरादे से इकट्ठा हुए हैं। ज्‍यादातर आदिवासी हैं।     

यहां चालीस-पचास की भीड़ में किसी की भी निगाह उस एक आदमी के ऊपर टिक सकती थी। माथे पर मुरेठे की तरह बांधा हुआ बॉर्डरदार चमकदार केसरिया गमछा। गले में उससे थोड़े हलके रंग का एक और गमछा। फिर कमर से नीचे वही बॉर्डरदार चमकदार केसरिया गमछा धोती की शक्‍ल में बंधा हुआ। ठीक बीचोबीच देह पर एक चुस्‍त सफेद टीशर्ट थी, जो कंधमाल से बीजू जनता दल के सांसद (2014-19) रहे समाजसेवी कारोबारी डॉ. अच्‍युत सामन्‍त की संस्‍था आर्ट ऑफ गिविंग (एओजी) से मिली हुई थी। लगातार पांच दिन तक वह शांत, सहज शख्‍स इसी परिधान में दिखता रहा। शायद उसके पास उपलब्‍ध यही सबसे बढ़िया कपड़ा रहा होगा।  

उस दिन दोपहर में मछली बनी थी। वह ओडिशा से आया था, उसी दिन पता चला था। उसने मछली नहीं ली। ओडिशा का आदमी मछली छोड़ के मूंग की दाल खाये तो देखने वाले को नहीं पचता। पूछने पर उसने बताया कि उसे अठारह साल हो गए मांसाहार छोड़े। कोई धार्मिक दीक्षा-वीक्षा या कंठीमाला का मामला है क्‍या? उसने इनकार किया। फिर बताया कि तबीयत गड़बड़ हुई थी बीस साल पहले जिसके चलते सब छोड़ना पड़ा। उसके साथ तीन-चार लोग और थे। सभी युवा। यह बात अगले दिन पता चली जब औपचारिक बातचीत शुरू हुई।


जुआंग जनजाति की आबादी 30-40 हजार के बीच रह गई है

वे लोग क्योंझर जिले के तेलकोइ ब्लॉक से आए थे। जुआंग जनजाति के थे। वे एक संस्‍था से जुड़े थे जो जुआंग आदिवासियों के बीच काम करती है। आम तौर से जनसंगठनों के बीच पंजीकृत संस्‍था वालों पर भरोसा कम होता है। यहां कहानी उलटी निकली, जब औपचारिक परिचय के दौरान एक सहज-सा सवाल पूछा गया कि वे लोग जो काम कर रहे हैं उसमें उनका निजी फायदा क्‍या है।

एक, दो, तीन, चार… तब जाकर उन सभी पर एक-एक कर के नजर गई जिन्‍हें यह सवाल समझ ही नहीं आया था। उड़िया में बहुत कायदे से सवाल को एक साथी ने दोहराया, फिर भी उन युवाओं को यह सवाल समझ में नहीं आया। वह केसरिया मुरेठा-धोती वाला आदमी भी उनमें था। जो जवाब उन सब से निकल कर आया, उसका मोटामोटी मतलब यह बनता था कि उनके काम से उनके लोगों को फायदा होगा। दोबारा बताया गया कि भाई, आपके काम से दूसरों को होने वाला लाभ नहीं बल्कि आपका निजी लाभ पूछा जा रहा है। आप आखिर सामाजिक काम में क्‍यों लगे हुए हैं? आपका उसमें क्‍या फायदा है?

सब समझाना बेकार गया। उनके विस्मित चेहरों को देखकर ऐसा लगा कि वे उस सवाल का मतलब ही नहीं समझ पा रहे थे। फिर भी उनसे कुल मिलाकर इतना ही जवाब निकलवाया जा सका कि लोगों का फायदा ही उनका फायदा है। यह जवाब जितनी सरल दिखता है उतनी ही कठिन हो जाता है जब आपको पता लगता है कि सामने वाला अभिनय नहीं कर रहा, झूठ नहीं बोल रहा, बल्कि उतना ही कह रहा है जितना उसे समझ में आया है।

इस जवाब को समझने के लिए जुआंग जनजाति को जानना होगा। क्‍योंझर में इनके बीच से होकर आए एक व्‍यक्ति ने जब बताया कि इनकी औसत उम्र बस 45 साल है, तब जाकर मुरेठा-धोती वाले व्‍यक्ति की बीमारी और उदासी समझ में आई। जब पता चला कि इनकी कुल आबादी तीस से चालीस हजार के बीच रह गई है, तब अचानक निकोबार की सीनियर बोआ का चेहरा सामने घूम गया जिनकी 2010 में हुई मौत ने इस दुनिया से एक पूरी भाषा ही छीन ली थी। वह बो भाषा को बोलने वाली आखिरी औरत थी। ओडिशा के जुआंग उसी राह पर हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार इस समुदाय के महज 63 फीसद लोग अपनी भाषा बोल पाते हैं। सरकार इस समुदाय को विशेष रूप से अरक्षित जनजाति समुदाय (PVGT) में गिनती है।

जिस प्रजाति की सामूहिक जिंदगी ही लुप्‍त होने के कगार पर खड़ी हो; जिसके पहाड़, जंगल, झरने रूपी देवता और धरती माता को उससे लूटा और छीना जा रहा हो; जिसे अपनी ही जमीन बचाने के लिए दंडित किया जा रहा हो; उससे बेहतर इस बात को भला कौन समझेगा कि पूंजी के राज में भी कभी-कभार कुछ लोगों के लिए निजी फायदे का अर्थ रुपये-पैसे में नहीं होता। पूरा समुदाय बचेगा, तभी उसका एक-एक आदमी बचेगा!

क्‍योंझर के जुआंग आदिवासी इस अहसास में अकेले नहीं हैं। पड़ोस के रायगड़ा और कालाहांडी जिलों के लोगों का हाल बहुत बुरा है, उनकी आवाज दिल्‍ली तक नहीं पहुंचती है, फिर भी वे एकजुट हैं। जब से अदाणी और वेदांता कंप‍नी की निगाह माली पर्वत श्रृंखला में दबे खनिजों पर पड़ी है, 2023 से लेकर अब तक कम से कम 43 आपराधिक मुकदमे ग्रामीणों के खिलाफ ठोके गए हैं और सौ से ज्‍यादा दलितों-आदिवासियों को गिरफ्तार किया गया है।

अभी बीते अप्रैल में रायगड़ा के कंटामाल और कालाहांडी के तलाआमपदर गांवों में पुलिस और कंपनी के दलालों-गुंडों का आदिवासियों के साथ संघर्ष हुआ था, जिसके बाद से हालात लगातार बिगड़े हैं। इन मामलों में दर्ज एफआइआर में 217 से ज्‍यादा व्‍यक्ति नामजद हैं। इन मुकदमों में ‘अन्‍य’ की एक श्रेणी बनाई गई है जिसमें 1140 व्‍यक्तियों के नाम डाले गए हैं। रह-रह कर पुलिस इन्‍हें उठा रही है। कुछ दिनों में शायद गांव के गांव खाली हो जाएं क्‍योंकि यहां के गांवों में परिवारों की संख्‍या ही इतनी होती है कि उंगलियों पर गिनी जा सके।   


सबका वजूद, अपना लाभ: कालाहांडी के एक गाँव में खनन के खिलाफ सभा

तीन सौ साल की आधुनिकता ने हम सब को रोजमर्रा की जिंदगी का एक केंद्रीय प्रश्‍न सिखाया है- इसमें मेरा क्‍या फायदा? इस एक सवाल ने हमारी जिंदगी के सभी आयामों को छेक लिया है। कुछ भी करने, सोचने या बोलने से पहले हमारा दिमाग पूछता है- इसमें मेरा फायदा? साल भर चौबीसों घंटे! और आज तो दिवाली है- लक्ष्‍मी का त्‍यौहार!

लोग दिवाली पर जुआ खेलते हैं, कि उस दिन फायदा हुआ तो साल भर होगा। लोग दिवाली पर बहीखाता दुरुस्‍त करते हैं, मुनाफा जोड़ते हैं। लोग नोट से कागज के पटाखे खरीद कर उसे फूंक देते हैं। उसमें भी कुछ फायदा होता ही होगा। लोग रात भर लक्ष्‍मी की आस में घर के कपाट खोले रखते हैं और सुबह दलिद्दर को खेदते हैं। शुभ और लाभ की आस में लोग दिवाली मनाते हैं।

क्‍योंझर का जुआंग जानता है कि उसका शुभ और लाभ उसकी जमीन, जंगल, पहाड़ में है। कालाहांडी और रायगड़ा का कोंध जानता है कि उसके देवता तो उसके पर्वत हैं, धरती है। लक्ष्‍मी उसकी भी है, लेकिन वह उसकी उपज और उससे आने वाली समृद्धि में है, हरे नोटों में नहीं। इसीलिए वह निजी फायदे वाला सवाल ही नहीं समझता। उसकी बिरादरी का फायदा जहां है, वहां उसका फायदा है। वह अपने सामूहिक वजूद के लिए लड़ रहा है। उसका वजूद बच जाए तो उसकी दिवाली हो।

क्‍या इन मर-खप रहे, लुप्‍त हो रहे आदिवासियों के नाम पर हम एक दीपक जला सकते हैं? यही समझ के जला लीजिए कि ये पहाड़, जंगल, धरती, नदी और झरने केवल उनके नहीं, हम सब के हैं! वे बचेंगे तो हम भी बचेंगे। वे अपनी नहीं, दरअसल हमारी वह लड़ाई लड़ रहे हैं जो हमें महानगरों से दिखाई नहीं देती।